*एसओजी की संयुक्त टीम ने गौतस्करों पर कसा शिकंजा, मुठभेड़ में तीन घायल, 26 गौवंश बरामद*

*एसओजी की संयुक्त टीम ने गौतस्करों पर कसा शिकंजा, मुठभेड़ में तीन घायल, 26 गौवंश बरामद*
*कन्नौज। थाना तालग्राम* पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम ने गुरुवार को गौवध से जुड़े एक बड़े गैंग पर सफल कार्रवाई करते हुए तीन वांछित अभियुक्तों को मुठभेड़ के दौरान घायल-गिरफ्तार कर लिया। टीम ने मौके से 26 गौवंश, एक कंटेनर, तीन तमंचे, चार जिंदा व चार खोखा कारतूस बरामद किए।
सूचना के अनुसार, 4 दिसंबर की सुबह करीब 4:45 बजे UP112 के माध्यम से लखनऊ–आगरा एक्सप्रेसवे पर गौवंश से भरे कंटेनर की खबर मिली। तालग्राम पुलिस ने छापामारी कर कंटेनर संख्या UP 21 BN 2803 से 26 गौवंश बरामद कर लिए और मौके से नईम पुत्र रईस को गिरफ्तार कर लिया, जबकि चार आरोपी फरार हो गए। इस संबंध में थाना तालग्राम पर मुकदमा दर्ज किया गया।
फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु एसओजी/सर्विलांस और थाना तालग्राम व अन्य थानों की संयुक्त टीम बनाई गई। शाम करीब 4 बजे तेराजाकेट रोड, मायापुर प्रतीक्षालय के पास अभियुक्तों को दबोचने के लिए घेराबंदी की गई। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अहेतशान पुत्र मतीन, शमशेर पुत्र नवी और शहजाद पुत्र कलुआ के पैरों में गोली लगी। तीनों को सीएचसी तालग्राम भेजा गया।
पुलिस ने तीनों के कब्जे से 315 बोर के तीन तमंचे, कारतूस और खोखे बरामद किए। उनके खिलाफ थाना तालग्राम में नया मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान
• अहेतशान पुत्र मतीन, निवासी मुरादाबाद (आयु 22 वर्ष)
• शमशेर पुत्र नवी, निवासी मुरादाबाद (आयु 29 वर्ष)
• शहजाद पुत्र कलुआ, निवासी मेरठ (आयु 30 वर्ष)
मुख्य आरोपी नईम पुत्र रईस के खिलाफ 307, आर्म्स एक्ट व गौवध निवारण अधिनियम के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। शमशेर के खिलाफ भी पशु क्रूरता व गौवध अधिनियम का मुकदमा दर्ज रह चुका है।
पुलिस टीम में शामिल
एसओजी/सर्विलांस टीम, थाना तालग्राम, गुरसहायगंज, छिबरामऊ, तिर्वा और कोतवाली कन्नौज की संयुक्त टीम।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई को अवैध गौतस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
समाचार इंडिया न्यूज़ से
मुशर्रत अली कन्नौज